कोटद्वार। बेस अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में पिछले दो वर्षों से एक्सपायर हो चुकी एक्स-रे मशीन से मरीजों की जांच किए जाने का मामला सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
इसे मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के साथ गंभीर लापरवाही बताया जा रहा है। बेरोजगार संगठन के अध्यक्ष राम कंडवाल ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने एक्स-रे मशीन की स्थिति से विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी और शासन को पहले ही अवगत करा दिया था, लेकिन इसके बावजूद नई मशीन उपलब्ध नहीं कराई गई।
उन्होंने कहा कि आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में कोटद्वार की जनता परेशान है और मरीजों को जोखिम उठाकर इलाज कराना पड़ रहा है। राम कंडवाल ने विधानसभा अध्यक्ष पर क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बेस अस्पताल में जल्द एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई जाए और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।














Leave a Reply