पौड़ी-कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 4 जून को प्रस्तावित पौड़ी दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा
सोमवार को पौड़ी पहुंचीं और कंडोलिया मैदान का निरीक्षण कर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कुमारी शैलजा ने बताया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूर्व सैनिकों के साथ संवाद करेंगे, जिसके लिए मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सुनने के लिए लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी के दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने बताया कि यद्यपि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों के साथ संवाद है, लेकिन आम जनता भी राहुल गांधी को सुनने के लिए उत्सुक है। यही कारण है कि कंडोलिया मैदान में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठकें लगातार आयोजित की जा रही हैं और सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कांग्रेस का दावा है कि राहुल गांधी का यह दौरा प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण संदेश देने वाला साबित होगा।














Leave a Reply