SSP सर्वेश पंवार के नेतृत्व में जनपद भर में वृक्षारोपण का किया आयोजन

पौड़ी। उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के प्रतीक हरेला पर्व पर जनपद पौड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के नेतृत्व में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया।


अभियान के अंतर्गत पुलिस लाइन पौड़ी सहित जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों एवं विभिन्न शाखाओं में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन पौड़ी में फलदार वृक्ष का रोपण कर अभियान का शुभारम्भ किया गया।

उन्होंने उपस्थित पुलिस कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन के आधार नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन, जैव विविधता एवं आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के भी संरक्षक हैं।

उन्होंने सभी को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस लाइन पौड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” का संकल्प लेते हुए पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। साथ ही प्रत्येक पौधे को वृक्ष बनने तक उसकी सुरक्षा एवं देखभाल करने का प्रण भी लिया गया।

इसी क्रम में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों, फायर सर्विस, संचार शाखा तथा अन्य पुलिस इकाइयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भी अपने-अपने कार्यस्थलों एवं थाना परिसरों में वृक्षारोपण किया गया। सभी कार्मिकों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख की जिम्मेदारी लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस जन-अभियान को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!