कोटद्वार। उत्तराखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने आज बेस चिकित्सालय का दौरा कर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उपचार के दौरान आ रही समस्याओं को गंभीरता से सुना।

मरीजों एवं उनके परिजनों ने चिकित्सकों की भारी कमी, दवाइयों की उपलब्धता, लंबी प्रतीक्षा, बिलिंग व्यवस्था तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।निरीक्षण के दौरान नेगी जी ने अस्पताल के चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) से भी विस्तृत चर्चा कर अस्पताल की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।हाल ही में एक साथ छह चिकित्सकों के स्थानांतरण से अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सीधा प्रभाव पड़ा है, जिससे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अस्पताल की स्थिति को देखते हुए सुरेन्द्र सिंह नेगी ने वहीं से उत्तराखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से दूरभाष पर वार्ता कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि कोटद्वार बेस चिकित्सालय पौड़ी जनपद सहित आसपास के विशाल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है, जहां 58 चिकित्सकों की आवश्यकता है लेकिन वर्तमान में डॉक्टरों की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

नेगी जी ने स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष अस्पताल में रिक्त चिकित्सक पदों पर शीघ्र नियुक्ति, दवाइयों की समुचित उपलब्धता, अतिरिक्त बिलिंग काउंटर शुरू किए जाने, बंद पड़े आईसीयू को शीघ्र संचालित किए जाने तथा लंबे समय से प्रस्तावित बर्न यूनिट को जल्द स्थापित किए जाने की मांग प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि गर्मी और बरसात के मौसम में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में मौजूदा संसाधन पर्याप्त नहीं हैं और तत्काल प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है।

नेगी ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने उनकी बात को गंभीरता से सुना और अस्पताल की व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया।

मीडिया से बातचीत करते हुए सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि “कोटद्वार का बेस चिकित्सालय केवल एक अस्पताल नहीं, बल्कि पूरे पौड़ी जनपद और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों की जीवनरेखा है। यहां स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। मरीजों को इलाज के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए सरकार को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि अस्पताल की समस्याओं को केवल उजागर करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका समाधान कराना जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। इसी भावना के साथ उन्होंने मौके से ही स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता कर समस्याओं के त्वरित समाधान का आग्रह किया।

इस अवसर पर नेगी जी ने सीएमएस से भी अस्पताल की आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की तथा भरोसा दिलाया कि कोटद्वार बेस चिकित्सालय को बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित कराने के लिए वे हर स्तर पर लगातार प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की सकती।
बेस चिकित्सालय पहुँचे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी मरीजों और चिकित्सकों से किया सीधा संवाद













Leave a Reply