डॉo श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित

कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार स्थित अटल सभागार में भारत के महान राष्ट्रवादी चिंतक, शिक्षाविद् एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में सहभागिता कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।


कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अपने संबोधन में ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, समर्पण और राष्ट्रीय एकता के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने देश की अखंडता एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार एवं आदर्श विकसित भारत के निर्माण की दिशा में सदैव मार्गदर्शक रहेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता माननीय राज्य मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा का आदर्श प्रस्तुत किया। उनके विचार आज भी देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
नलिन भट्ट, प्रदेश मंत्री, भाजपा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का राजनीतिक एवं वैचारिक योगदान भारतीय लोकतंत्र की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया, जिसे देश सदैव स्मरण रखेगा।

माननीय राज्य मंत्री ऋषि कण्डवाल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन सिद्धांतों, राष्ट्रवाद और जनकल्याण के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनके विचार समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं तथा राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!