गांधी जयंती पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ने शुरू किया काम मांगो अभियान

कोटद्वार/जहरीखाल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन जिला कोटद्वार द्वारा “काम मांगो अभियान — मजदूर के अधिकार की लड़ाई, मनरेगा बचाओ–खुशहाली लाओ” अभियान की शुरुआत की गई।
अभियान का शुभारंभ जहरीखाल ब्लॉक के ग्राम जहरी एवं मठाली से किया गया। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कमेटी जहरीखाल द्वारा किया गया तथा अभियान का नेतृत्व राजीव गांधी पंचायती राज संगठन कोटद्वार के जिला संयोजक रूपेन्द्र सिंह नेगी ने किया।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष जहरीखाल संदेश नेगी, जिला कांग्रेस महामंत्री बिमल बिष्ट सहित संगठन के कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मनरेगा श्रमिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना गया तथा रोजगार, मजदूरी और मनरेगा से जुड़े विषयों पर उनकी बात सुनी गई।
ग्रामीणों और मनरेगा श्रमिकों को मनरेगा के तहत रोजगार मांगने के उनके अधिकार की जानकारी दी गई। इस दौरान ग्रामीणों ने फॉर्म-6 भरकर रोजगार की मांग दर्ज कराई।
रूपेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि “काम मांगो अभियान” का उद्देश्य गांव-गांव जाकर मनरेगा श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनकी समस्याओं को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराना और मनरेगा के अधिकारों की जानकारी प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी जी के ग्राम स्वराज और श्रम की गरिमा के विचारों को याद किया गया। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और रोजगार की आवश्यकता होने पर नियमानुसार रोजगार की मांग दर्ज कराएं।
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन जिला कोटद्वार ने कहा कि “काम मांगो अभियान” को जिले के अन्य क्षेत्रों और गांवों तक भी पहुंचाया जाएगा तथा मनरेगा श्रमिकों की समस्याओं को सुनकर उन्हें संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!