कोतवाली कोटद्वार को प्रदान किए गए कंप्यूटर, साइबर अपराध की निगरानी में मिलेगी सहायता

कोटद्वार। आधारशिला संस्थान के तत्वावधान में कोतवाली कोटद्वार में कंप्यूटर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर कोतवाली कोटद्वार को कंप्यूटर प्रदान किए गए जिनका उपयोग साइबर अपराधों की निगरानी, साइबर संबंधी शिकायतों के प्रबंधन, पुलिस कार्यों के डाटा प्रबंधन तथा कोटद्वार क्षेत्र की गतिविधियों की निगरानी में किया जाएगा। इससे पुलिस प्रशासन के कार्यों को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध एक महत्वपूर्ण चुनौती है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को आधुनिक तकनीकी संसाधनों से सशक्त करना आवश्यक है। कंप्यूटर जैसे संसाधनों की उपलब्धता से साइबर अपराधों की निगरानी एवं रोकथाम के साथ-साथ पुलिस के दैनिक कार्यों में भी सुविधा होगी।
उन्होंने आधारशिला संस्थान के संस्थापक नरेश घिल्डियाल जी द्वारा पुलिस प्रशासन को तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास जनसुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में सुमन कोटनाला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, भाजपा उत्तराखंड, एसपी मनोज कुमार ठाकुर, थानाध्यक्ष प्रदीप नेगी तथा आधारशिला संस्थान के संस्थापक नरेश घिल्डियाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!