दुर्गापुरी के घर में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन चोर गिरफ्तार

कोटद्वार । कोतवाली पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, घरेलू सामान, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और चोरी करने के उपकरण भी बरामद किए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2026 को रेंजर कॉलोनी, दुर्गापुरी निवासी प्राची रावत ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि 2 अगस्त को वह अपनी माता को स्कूटी से तड़ियाल चौक छोड़ने गई थीं। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान चोरी हो चुका था। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।


घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार और पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, सर्विलांस की मदद ली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान तीन संदिग्धों की पहचान हुई। पुलिस ने 5 अगस्त को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी का सामान, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी संख्या तथा चोरी में इस्तेमाल किए गए सब्बल, प्लास, पेचकस, बोल्ट लीवर और कटर बरामद किए गए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण, 23 वर्ष, निवासी अमरोहा हाल निवासी रतनपुर सुखरौ कोटद्वार, रिहान, 22 वर्ष, निवासी वेलकम, दिल्ली मूल निवासी संभल तथा राहत अली, 35 वर्ष, निवासी वेलकम, दिल्ली के रूप में हुई है। बरामद सामान में एक सूटकेस, महिलाओं व बच्चों के कपड़े, सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, चांदी की दो चेन और तीन जोड़ी पाजेब शामिल हैं। पुलिस ने मामले में जांच के दौरान भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!