पौड़ी। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश अब लोगों के घरों पर भी आफत बनकर टूट रही है। पाबौ ब्लॉक के सकन्याणा गांव में देर शाम भारी बारिश के बीच एक मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान गिरने के समय परिवार के सदस्य अंदर ही मौजूद थे। गनीमत रही कि आवाज सुनते ही सभी लोग बाहर निकल आए और बड़ा हादसा टल गया।
सकन्याणा निवासी रमेश चंद्र पोखरियाल पुत्र नारायण दत्त का मकान बारिश के चलते पहले क्षतिग्रस्त हुआ और देखते ही देखते ढह गया। मकान के मलबे में खाद्य सामग्री, कपड़े, घरेलू सामान, जरूरी दस्तावेज और गहनों समेत गृहस्थी का अधिकांश सामान दबकर नष्ट हो गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
मकान ढहने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। घटना की सूचना स्थानीय पटवारी और जिला आपदा कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। अधिकारियों ने क्षति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई और राहत के लिए रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी है।
परिवार ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक राहत के साथ सुरक्षित आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है। वहीं, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि अभी तक बारिश से 288 भवनों को आंशिक क्षति पहुंची है।
साथ ही कुछ भवन पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए है। बताया कि प्रभावितों को तत्काल मुआवजा राशि दी जा रही है। बताया कि अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए है।













Leave a Reply